*बिहार में 71 IPS अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर, सुनील कुमार बने ADG मुख्यालय*
पटना. बिहार में आईएएस अधिकारियों के बाद एक बार फिर बड़े पैमाने पर आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया है. राज्य सरकार ने 71 आईपीएस अधिकारियों का तबादला करते हुए कई अहम पदों पर नई तैनातियां की हैं. सामान्य प्रशासन विभाग ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक सुनील कुमार को पुलिस मुख्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) के पद पर नियुक्त किया गया है. वहीं मनोज कुमार को पुलिस मुख्यालय का महानिरीक्षक (IG) बनाया गया है. सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार प्रीता वर्मा को पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) के पद से हटाकर महानिदेशक सह अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम लिमिटेड बनाया गया है. कुंदन कृष्णन, जो एडीजी के पद पर थे, अब पुलिस महानिदेशक (अभियान) एवं पुलिस महानिदेशक, विशेष शाखा का जिम्मा संभालेंगे. वहीं आर. मलार विजी, जो एडीजी सह निदेशक, बिहार पुलिस अकादमी के पद पर थे, अब एडीजी, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (अतिरिक्त प्रभार) के रूप में अपनी सेवाएं देंगे.वहीं डॉ. अमित कुमार जैन, जो एडीजी, कमजोर वर्ग के पद पर कार्यरत थे, अब एडीजी, मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो का पदभार संभालेंगे. सुनील कुमार, पूर्व एडीजी, विशेष शाखा, अब एडीजी, पुलिस मुख्यालय का कार्यभार संभालेंगे. मनोज कुमार, जो आईजी, कोसी क्षेत्र के पद पर थे, अब आईजी, पुलिस मुख्यालय पटना के रूप में कार्य करेंगे,संजय कुमार, जो डीआईजी, साइबर क्राइम के पद पर थे, अब आईजी, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) का जिम्मा संभालेंगे. विवेकानंद को आईजी, पूर्णिया क्षेत्र के पद पर नियुक्त किया गया है. आनंद कुमार, जो एसएसपी, गया के पद पर कार्यरत थे, अब डीआईजी, विधि व्यवस्था, पटना के रूप में कार्य करेंगे. कुमार आशीष, जो एसपी, सारण के पद पर थे, अब डीआईजी, कोसी क्षेत्र का पदभार संभालेंगे.






