*प्रशासन की टीम पर हमला! CO और थानाध्यक्ष सहित 5 पुलिसकर्मी घायल, जमीन मापने पहुंची थी टीम*
बिहार के बेतिया के लौरिया प्रखंड के दुबौलिया गांव में जमीन विवाद को लेकर बड़ा बवाल हो गया. सरकारी जमीन की पैमाइश और अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया. इस हिंसक घटना में अंचल अधिकारी (CO) नीतीश कुमार सेठ और थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा सहित पांच पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.*पैमाइश के दौरान भड़की हिंसा* डीसीएलआर के आदेश पर अंचल अधिकारी पुलिस बल के साथ जमीन की मापी करने पहुंचे थे. जैसे ही टीम ने काम शुरू किया, ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू कर दिया. विरोध तेजी से हिंसक हो गया और भीड़ ने प्रशासनिक अधिकारियों को घेरकर हमला कर दिया.*उपद्रवियों ने खुद के घरों में लगाई आग* अंचल अधिकारी ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने दबाव बनाने के लिए खुद के घरों में आग लगा दी. इसके बाद उन्होंने पुलिस और अधिकारियों पर पत्थरबाजी और मारपीट शुरू कर दी. इस अफरा-तफरी में CO, थानाध्यक्ष और महिला सिपाही समेत पांच लोग घायल हो गए. सभी को लौरिया पीएचसी में भर्ती कराया गया है.






