मकर संक्रांति पर मांझी रामघाट में दंगल, बलिया के छोटू पहलवान बने विजेत
बिहार–यूपी के पहलवानों ने दिखाया दमखम, पारंपरिक कुश्ती ने दर्शकों को किया रोमांचित
संवाद सहयोगी जागरण, दाउदपुर/मांझी (सारण)। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर प्रति वर्ष की तरह मांझी के रामघाट पर गुरुवार को भव्य दंगल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश और बिहार के नामी पहलवानों ने भाग लेकर अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। अंतिम मुकाबले में बलिया के छोटू पहलवान ने सभी प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर इस वर्ष का विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
विजेता घोषित होने पर छोटू पहलवान को आयोजक एवं युवा नेता ई. सौरभ सन्नी द्वारा सील्ड कप और 2500 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे पूर्व प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष देवाशीष हंस और आयोजक ई. सौरभ सन्नी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हनुमत ध्वज स्थापित कर दंगल का विधिवत उद्घाटन किया।
दंगल के दौरान दर्जनों मुकाबलों में पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। छोटू पहलवान बलिया, नम्रता पहलवान गोरखपुर, मुस्कान पहलवान कानपुर, मन्नू पहलवान बनारस, बिहारी पहलवान गोपालनगर, मंतोष पहलवान रेवती, संदीप पहलवान गाजीपुर, दिनेश पहलवान बलिया, राजेश पहलवान बैरिया, सूरज पहलवान मांझी, बिट्टू पहलवान गोपालनगर और सोनू पहलवान नरला के जोड़ खास आकर्षण का केंद्र रहे।
आयोजक ई. सौरभ सन्नी ने कहा कि दंगल ग्रामीण खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, युवाओं को खेलों से जोड़ने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम में उद्धव यादव, संतोष पहलवान, रामचंद्र यादव, अनिल यादव, पूर्व मुखिया सुखदेव यादव, रंजन शर्मा, सुरेश यादव, विनय सिंह, बलिराम यादव सहि त बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।






